सुपौल। छातापुर मुख्यालय स्थित ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय केंद्र पर अलौकिक होली महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में जिला संचालिका बीके शालिनी सहित दीदी एवं बहनों ने उपस्थित जनों को गुलाल का टीका लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान सुमधुर गीत-संगीत से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
महोत्सव को संबोधित करते हुए बीके शालिनी ने कहा कि हमें ऐसा रंग लगाना है जो जीवन भर न उतरे। उन्होंने कहा कि लाल, पीला, हरा और नीला रंग तो कुछ दिनों में छूट जाता है, लेकिन होली के इस पावन अवसर पर हमें ज्ञान का रंग, गुणों का रंग और शांति का रंग अपने जीवन में धारण करना चाहिए। “जिनके साथ हम उठते-बैठते, खाते-पीते हैं, उन्हें भी इन दिव्य गुणों के रंग से रंगना है, ताकि जीवनभर यह रंग चढ़ा रहे,” उन्होंने कहा।
उन्होंने सभी को अलौकिक होली की शुभकामनाएं देते हुए सदा दिव्य गुणों से स्वयं को सजाने-संवारने का संकल्प भी दिलाया।
इस अवसर पर सुनिती दीदी, किरण बहन, शालिग्राम पांडेय, सत्येन्द्र कुमार सिंह, लक्ष्मी साह सहित अन्य लोगों ने भी उपस्थित जनों को होली की बधाई दी। कार्यक्रम में दिनेश चौधरी, बबलू चौधरी, धर्मदेव पूर्वे, धनिलाल मलाकार, अरुण लाल दास, राममूर्ति मुखिया समेत कई श्रद्धालु मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं