सुपौल। पिपरा प्रखंड क्षेत्र के निर्मली पंचायत स्थित वार्ड नंबर 1 निवासी पवन साह की बेटी अंशु कुमारी को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शनिवार को पटना में सम्मानित किया गया। अंशु कुमारी ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
जानकारी के अनुसार अंशु कुमारी ने चीन के ताइपे में आयोजित रग्बी चैंपियनशिप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए सिल्वर मेडल जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। इसके अलावा राजगीर में आयोजित प्रतियोगिता में भी उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। वर्तमान में अंशु कुमारी भारतीय रग्बी टीम की कप्तान के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पटना के 24 एम स्ट्रैड रोड, राजवंशी नगर में राष्ट्रीय लोक मोर्चा द्वारा एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा, सासाराम विधायक स्नेहलता कुशवाहा तथा महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष स्मृति कुमुद ने अंशु कुमारी को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि अंशु कुमारी जैसी बेटियां न केवल बिहार बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर यह साबित कर दिया है कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं।

कोई टिप्पणी नहीं