सुपौल। निर्मली नगर क्षेत्र में शुक्रवार को एक गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही लोग गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी परिसर में पहुंचने लगे, जिससे लंबी कतारें लग गईं और कुछ समय के लिए अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो गई।
भीड़ अधिक होने के कारण कई उपभोक्ताओं को अपनी बारी के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। हालांकि एजेंसी प्रबंधन ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास करते हुए उपभोक्ताओं को क्रमवार गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया।
उपभोक्ताओं ने बताया कि भीड़ की वजह से उन्हें असुविधा जरूर हुई, लेकिन अंततः सभी को गैस मिल गई। वहीं एजेंसी संचालक ने स्पष्ट किया कि गैस की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध हैं। भीड़ बढ़ने का कारण एक साथ अधिक संख्या में उपभोक्ताओं का पहुंचना बताया गया।
एजेंसी प्रबंधन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय और तिथि के अनुसार ही गैस लेने आएं, ताकि अनावश्यक भीड़ से बचा जा सके। साथ ही व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की भी बात कही गई।

कोई टिप्पणी नहीं