सुपौल। पिपरा थाना क्षेत्र के थुमहा पंचायत अंतर्गत बेलोखरा वार्ड नंबर 4 में मंगलवार की रात अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। इस हादसे में दिनेश मंडल का एक घर पूरी तरह जलकर राख हो गया, वहीं घर में रखा खाने-पीने का सामान भी नष्ट हो गया। आग की चपेट में आने से चार बकरियों की भी जलकर मौत हो गई।
इसके अलावा चंदेश्वरी मंडल का भी एक घर आग की भेंट चढ़ गया। घटना के समय घर में मौजूद परिवार के सदस्यों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। आग लगने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन स्थानीय लोगों का अनुमान है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से यह घटना हुई होगी। घटना के बाद प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया गया है। वहीं पीड़ितों ने अंचलाधिकारी को लिखित आवेदन देकर मुआवजे की मांग करने की बात कही है।

कोई टिप्पणी नहीं