सुपौल। जिले के भीमनगर थाना परिसर में रविवार को आगामी रामनवमी और चैत्र नवरात्रा को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वीरपुर एसडीएम नीरज कुमार ने की, जबकि एसडीपीओ सुरेन्द्र कुमार की मौजूदगी भी रही।
बैठक में भीमनगर पंचायत और भगवानपुर पंचायत के चैत्र नवरात्रा एवं रामनवमी समिति से जुड़े सदस्य शामिल हुए। अधिकारियों ने पर्व-त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसडीएम नीरज कुमार ने कहा कि चैती दुर्गा पूजा के दौरान मूर्ति विसर्जन निर्धारित रूट और तय समय के अनुसार ही किया जाएगा। वहीं रामनवमी के अवसर पर निकलने वाली शोभायात्रा भी निर्धारित मार्ग से ही निकाली जाएगी। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि पर्व के दौरान डीजे के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
नवरात्रा समितियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने स्वयंसेवकों को पहचान पत्र जारी करें और व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं। प्रशासन की ओर से मंदिरों और रामनवमी जुलूस के दौरान पुलिस बल के साथ दंडाधिकारियों की भी तैनाती की जाएगी।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी सूचना के आदान-प्रदान के लिए सीधे थानाध्यक्ष से संपर्क करें, ताकि किसी भी स्थिति का त्वरित समाधान किया जा सके।
बैठक में भीमनगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार, मुखिया बबलू यादव, सरपंच दुर्गानंद सिंह, गीता देवी, भूषण सिंह, पवन यादव, राकेश गुप्ता, सत्यदेव सिंह, नुकुल रुद्र, रिपुंजय झा, चंदन सिंह सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं