सुपौल। युवा कांग्रेस के बिहार प्रदेश सचिव लक्ष्मण कुमार झा ने सदर प्रखंड के विभिन्न गांवों और पंचायतों का दौरा कर किसानों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मार्च महीने में अचानक आई बारिश, तेज तूफान और ओलावृष्टि के कारण किसानों की मकई और गेहूं की फसल को भारी क्षति पहुंची है।
दौरे के दौरान किसानों ने अपनी समस्याएं साझा करते हुए बताया कि फसल बर्बाद होने से उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। इस पर लक्ष्मण कुमार झा ने सरकार से जल्द से जल्द नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर किसान सलाहकारों के माध्यम से सर्वे कराकर सभी प्रभावित किसानों को मुआवजा राशि का शीघ्र भुगतान किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि इस मुद्दे को लेकर वे सोमवार को जिला पदाधिकारी और राज्य सरकार के नाम एक ज्ञापन सौंपेंगे।
लक्ष्मण कुमार झा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय पर किसानों को मुआवजा नहीं दिया गया, तो किसानों के समर्थन में आंदोलन किया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं