पटना। बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना द्वारा ऊर्जा भवन में आयोजित एसिड पीड़ितों से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम में सुपौल जिले के तीन तेजाब पीड़ितों को आर्थिक सहायता एवं प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
कार्यक्रम में पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संगम कुमार साहू ने सुपौल के अर्जुन मुखिया को दो लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की। वहीं संजीला देवी को भी दो लाख रुपये तथा गुलशन खातून को एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई।
यह कार्यक्रम नालसा (NALSA) द्वारा जारी मिनिमम एक्शन प्लान के तहत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य तेजाब पीड़ितों को सहायता प्रदान करने के साथ-साथ उनके पुनर्वास एवं अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाना है।
कार्यक्रम में पटना उच्च न्यायालय के न्यायाधीशगण, बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के सदस्य सचिव, डीजीपी बिहार, समाज कल्याण विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के अपर सचिव सहित सभी जिलों के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव, लोक अभियोजक, पीएलवी एवं बड़ी संख्या में तेजाब पीड़ित/पीड़िताएं उपस्थित रहे।
सुपौल जिला से प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनंत सिंह के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव मोहम्मद अफजल आलम द्वारा पीड़ितों की पहचान कर उन्हें कार्यक्रम में शामिल कराया गया, जिससे उन्हें यह सहायता राशि प्राप्त हो सकी।
कार्यक्रम के माध्यम से तेजाब पीड़ितों के पुनर्वास और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश दिया गया।

कोई टिप्पणी नहीं