सुपौल। पिपरा प्रखंड क्षेत्र के मध्य विद्यालय पथरा से शुक्रवार को मुख्यमंत्री बिहार दर्शन योजना के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को शैक्षणिक परिभ्रमण पर रवाना किया गया। इस योजना के तहत विद्यालय के 70 छात्र-छात्राओं का दल विभिन्न दर्शनीय एवं ऐतिहासिक स्थलों के भ्रमण के लिए भेजा गया।
परिभ्रमण दल की बस को विद्यालय शिक्षा समिति के अध्यक्ष, सचिव एवं प्रधानाध्यापक अंजनी कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल देखा गया।
प्रधानाध्यापक अंजनी कुमार ने बताया कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है। साथ ही उन्हें अपनी सभ्यता और संस्कृति से परिचित होने तथा ऐतिहासिक स्थलों को नजदीक से देखने का अवसर मिलता है, जिससे उनकी ज्ञानवृद्धि होती है।
उन्होंने बताया कि भ्रमण के दौरान छात्रों को कोशी पुल और मिथिला हाट जैसे प्रमुख स्थलों का दर्शन कराया जाएगा, जिससे उन्हें स्थानीय इतिहास और संस्कृति की जानकारी मिल सके।
इस मौके पर सहायक शिक्षक दुलारचंद पासवान, पुष्पक पाठक, निखत नाजमीन, सुनीता कुमारी, रामरतन पासवान सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं