सुपौल। राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के गणपतगंज में शुक्रवार को रामनवमी के पावन अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे इलाके में भक्तिमय माहौल देखने को मिला और “जय श्रीराम” के जयघोष से वातावरण गूंज उठा।
शोभायात्रा की शुरुआत बजरंगबली मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद यात्रा गणपतगंज के मुख्य चौक, एनएच-106, पिपरा रोड, किशनपुर मोड़, मारवाड़ी टोला, दुर्गा मंदिर रोड, अस्पताल के सामने वाली गली और गर्ल्स स्कूल रोड होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।
शोभायात्रा में महिलाएं, पुरुष और बच्चे सभी बड़े उत्साह के साथ शामिल हुए। युवा रामभक्ति गीतों पर झूमते नजर आए, वहीं भगवा झंडों से पूरा मार्ग भक्तिरस में रंगा रहा। रास्ते में श्रद्धालु लगातार यात्रा में जुड़ते गए, जिससे भीड़ और भी बढ़ती चली गई।
रथ पर भगवान श्रीराम और माता सीता की आकर्षक झांकी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए पानी और शरबत की व्यवस्था की गई थी, जिससे लोगों को काफी सहूलियत मिली।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। पुलिस बल और अधिकारी पूरे कार्यक्रम के दौरान तैनात रहे, जिससे शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

कोई टिप्पणी नहीं