सुपौल। पिपरा प्रखंड क्षेत्र में शनिवार को भाईचारे, प्यार और खुशियों का पर्व ईद-उल-फितर बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही लोग नए वस्त्र पहनकर ईदगाह और मस्जिदों में नमाज अदा करने पहुंचे, जहां बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने एक साथ इबादत की।
नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। नमाज से पहले अकीदतमंदों ने गरीबों को दान (फितरा) देकर इस पर्व की परंपरा निभाई। इस मौके पर मुस्लिम समुदाय के बीच खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
बताया जाता है कि इस्लामी कैलेंडर के शव्वाल महीने की पहली तारीख को मनाया जाने वाला यह पर्व “मीठी ईद” के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन लोग अपने घरों में सेवइयां और अन्य मीठे पकवान बनाकर खुशियां साझा करते हैं।
ईद को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। थाना क्षेत्र के विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी तथा लगातार गश्त की जा रही थी। थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा ने बताया कि पूरे क्षेत्र में ईद-उल-फितर का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

कोई टिप्पणी नहीं