सुपौल। एग्री स्टेक परियोजना अंतर्गत फॉर्मर रजिस्ट्री के कार्यों को लेकर शनिवार 22 अगस्त 2026 को जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई, जिसमें जिला कृषि पदाधिकारी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी एवं कृषि समन्वयक शामिल हुए।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी एफआर आईडी यूजर को निर्देश दिया कि नई जमाबंदी की सूची के अनुरूप सभी पात्र किसानों का फॉर्मर रजिस्ट्री आईडी (FR ID) तैयार करना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी अनुमंडल कृषि पदाधिकारियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में नियमित रूप से भ्रमण कर फॉर्मर रजिस्ट्री के कार्य में तेजी लाने तथा लगातार प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कार्य की नियमित समीक्षा करने पर भी जोर दिया। वहीं जिला कृषि पदाधिकारी को फॉर्मर रजिस्ट्री कार्य की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम गठित करने का निर्देश दिया गया। कंट्रोल रूम के माध्यम से प्रत्येक दो घंटे पर प्रगति रिपोर्ट प्राप्त करने तथा प्रतिदिन संध्या 5 बजे तक समेकित प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि फॉर्मर रजिस्ट्री के कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप अधिक से अधिक किसानों की एफआर आईडी तैयार करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।


कोई टिप्पणी नहीं