सुपौल। डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग (पशुपालन) के अंतर्गत प्रथम वर्गीय पशु चिकित्सालय सरायगढ़ भपटियाही के सौजन्य से सोमवार को प्रखंड क्षेत्र के लौकहा पंचायत के कोढली गांव वार्ड संख्या 7 में एक दिवसीय पशु बांझपन उपचार शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का उद्घाटन स्थानीय मुखिया महारानी देवी एवं सरपंच भगवत यादव ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर पशु चिकित्सक डॉ. मनोज कुमार एवं डॉ. अमिताभ कुमार ने उपस्थित पशुपालकों को पशुओं में होने वाले बांझपन के विभिन्न कारणों और उसके उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
शिविर में लाए गए पशुओं की चिकित्सकों द्वारा जांच कर उनका उपचार किया गया तथा पशुपालकों को आवश्यक दवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। पशु चिकित्सकों ने बताया कि शिविर में पशुओं में होने वाले विभिन्न प्रकार के रोगों का उपचार किया गया, खासकर पशु बांझपन की समस्या को लेकर विशेष उपचार किया गया।
उन्होंने जानकारी दी कि इस अभियान के तहत मंगलवार को ढोली पंचायत में तथा बुधवार को चांदपीपर पंचायत में भी पशु बांझपन निवारण शिविर का आयोजन किया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं