सुपौल। मुख्यमंत्री बिहार दर्शन योजना के तहत प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय भपटियाही के छात्र-छात्राओं को बुधवार को शैक्षणिक परिभ्रमण के लिए बस से मिथिला हाट के लिए रवाना किया गया। परिभ्रमण बस को इंडो-नेपाल सड़क पर भपटियाही पंचायत के मुखिया विजय कुमार यादव, जदयू नेता सुभाष कुमार यादव तथा विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रेणु कुमारी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापिका रेणु कुमारी ने कहा कि छात्र-छात्राओं के परिभ्रमण से उनके बौद्धिक और मानसिक विकास में वृद्धि होती है। उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से हर वर्ष विद्यार्थियों को विभिन्न ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण कराया जाता है, ताकि उन्हें पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक जानकारी भी मिल सके।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ने बताया कि परिभ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक संतोष साहू, जितेंद्र कुमार राउत, ललित कुमार साह और रामसेवक प्रसाद को प्रतिनिधि के रूप में भेजा गया है। परिभ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को मिथिला हाट सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। मौके पर विद्यालय शिक्षा समिति के अध्यक्ष रामू मुखिया, सचिव सुशीला देवी, जदयू नेता राजबल्लभ मालाकार, समाजसेवी विद्यानंद कुमार, राधेश्याम ठाकुर सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं