सुपौल। पृथ्वी दिवस 2026 के अवसर पर बिहार में एक ऐतिहासिक पर्यावरण जन-अभियान की शुरुआत की गई है। 15 अप्रैल से 31 मई तक चलने वाले इस राज्यव्यापी अभियान का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक कर उन्हें सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।
इस महत्वाकांक्षी पहल के तहत पूरे बिहार में 5,000 से अधिक विद्यालयों के 5 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राओं, स्काउट और गाइड को “प्लास्टिक वॉरियर्स” के रूप में तैयार किया जाएगा। ये बच्चे अपने विद्यालय, परिवार और समाज में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को कम करने, पर्यावरण संरक्षण के उपाय अपनाने और लोगों को जागरूक करने की जिम्मेदारी निभाएंगे।
सुपौल जिले में इस अभियान का नेतृत्व भारत स्काउट और गाइड के जिला संगठन आयुक्त सह जिला प्रशिक्षण आयुक्त संजय कुमार झा कर रहे हैं। विभिन्न अनुमंडलों में भी जिम्मेदारियां तय की गई हैं—सुपौल में अमन कुमार, त्रिवेणीगंज में सौरव सुमन, वीरपुर में कौशिक वत्स और निर्मली में देवेंद्र कुमार अभियान को सक्रिय रूप से आगे बढ़ा रहे हैं।
यह अभियान अंतरराष्ट्रीय पर्यावरण संस्था ‘अर्थ डे ऑर्गेनाइजेशन’ के सहयोग से संचालित हो रहा है, जबकि पूरे बिहार में इसका नेतृत्व वैशाली के जिला संगठन आयुक्त ऋतुराज कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह अभियान बच्चों को केवल जागरूक ही नहीं करेगा, बल्कि उन्हें जिम्मेदार नागरिक के रूप में विकसित करने में भी मददगार साबित होगा।
अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें पौधारोपण, प्लास्टिक मुक्त अभियान, स्वच्छता जागरूकता, पर्यावरण शिक्षा (जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता और सतत विकास) जैसे विषय शामिल हैं। स्काउट-गाइड और इको क्लब के सदस्य सेवा, अनुशासन और नेतृत्व के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करेंगे।
इस वर्ष पृथ्वी दिवस की थीम “Our Power, Our Planet” रखी गई है, जो सामूहिक प्रयासों के जरिए पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती है। इसी थीम को साकार करने के उद्देश्य से बिहार में यह अभियान चलाया जा रहा है।
सुपौल में इस अभियान की शुरुआत वीरपुर अनुमंडल स्थित सावित्री प्रभा आवासीय विद्यालय और न्यू कैंब्रिज आवासीय विद्यालय के स्काउट-गाइड छात्रों द्वारा की गई।
जिला संगठन आयुक्त संजय कुमार झा ने कहा कि यह पहल केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन आंदोलन का रूप लेगी, जिससे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित भविष्य मिल सके। उन्होंने आमजन, शिक्षकों, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।

कोई टिप्पणी नहीं