सुपौल। संभावित बाढ़ 2026 की तैयारी के मद्देनजर बुधवार को जिलाधिकारी सावन कुमार ने पूर्वी कोशी तटबंध प्रमंडल, सुपौल अंतर्गत विभिन्न स्थलों पर चल रहे बाढ़ सुरक्षात्मक कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में डीएम ने किशनपुर प्रखंड के सुजानपुर गांव में संचालित ‘विलेज प्रोटेक्शन वर्क’ का जायजा लिया। मौके पर कार्य में कुछ कमियां पाए जाने पर उन्होंने संबंधित कार्यपालक अभियंता को तत्काल सुधार करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने स्पर संख्या 64.95 किलोमीटर एवं 68.30 किलोमीटर पर चल रहे बाढ़ सुरक्षा कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि संभावित बाढ़ के दौरान प्रभावित क्षेत्रों को सुरक्षित रखा जा सके। निरीक्षण के दौरान पूर्वी तटबंध प्रमंडल, सुपौल के कार्यपालक अभियंता सहित सहायक एवं कनीय अभियंता मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को चेताते हुए कहा कि बाढ़ से संभावित प्रभावित इलाकों की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।

कोई टिप्पणी नहीं