Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

LPG आपूर्ति सामान्य, कालाबाजारी पर सख्ती, वैवाहिक कार्यों के लिए भी मिलेगी वाणिज्यिक गैस


सुपौल। जिले में LPG गैस, पेट्रोल एवं डीजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आवश्यक वस्तुओं एवं ईंधन की कोई कमी नहीं है और आमजन को घबराने की जरूरत नहीं है।

जिला प्रशासन ने बताया कि वैवाहिक कार्यों के लिए वाणिज्यिक LPG गैस की आपूर्ति की विशेष व्यवस्था की गई है। इसके लिए संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी के समक्ष आवेदन देकर, तेल कंपनी में पंजीकृत रसोइयों के माध्यम से वाणिज्यिक गैस प्राप्त की जा सकती है।

सुपौल नगर क्षेत्र में पाइपलाइन के जरिए गैस (PNG) आपूर्ति की दिशा में भी तेजी से काम हो रहा है। पीएनजी पाइपलाइन बिछाने के लिए भूमि चिन्हित करने का कार्य अंतिम चरण में है और BPCL द्वारा घर-घर पाइपलाइन से गैस पहुंचाने का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। इससे भविष्य में LPG सिलेंडरों पर निर्भरता समाप्त हो जाएगी।

ई-केवाईसी को लेकर भी उपभोक्ताओं को राहत दी गई है। अब गैस एजेंसी जाने की जरूरत नहीं है—इंडियन ऑयल (इंडेन) उपभोक्ता Indianoil One ऐप, एचपी गैस उपभोक्ता HP Pay ऐप और भारत गैस उपभोक्ता Hello BPCL ऐप के माध्यम से घर बैठे ई-केवाईसी करा सकते हैं।

जिले में फिलहाल लगभग 10,879 LPG सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है, जबकि 1,710 अतिरिक्त सिलेंडर मिलने की संभावना है। 14 अप्रैल को 6,474 उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति की गई है, जबकि अभी 24,059 उपभोक्ताओं को बुकिंग के अनुसार गैस उपलब्ध कराई जानी है। जिले की 51 गैस एजेंसियों में से 49 पर गैस उपलब्ध है, जबकि शेष दो एजेंसियों पर भी जल्द आपूर्ति बहाल होने की संभावना है।

प्रशासन द्वारा लगातार निरीक्षण अभियान भी चलाया जा रहा है। अब तक 22 गैस एजेंसियों की जांच की गई है, वहीं 27 होटलों एवं प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर LPG के दुरुपयोग की जांच की गई। घरेलू गैस के वाणिज्यिक उपयोग और कालाबाजारी के आरोप में अब तक तीन प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है।

इसके अलावा पांच पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण कर आपूर्ति की स्थिति का जायजा लिया गया है। तेल कंपनियों के साथ समन्वय बनाकर पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता सामान्य बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।

समाहरणालय परिसर स्थित जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय में LPG वितरण की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसका दूरभाष संख्या 06473-224005 है। 15 अप्रैल को कंट्रोल रूम में तीन शिकायतें/सूचनाएं प्राप्त हुईं, जिनका त्वरित निष्पादन कर दिया गया।

जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। जिले में LPG, पेट्रोल और आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।

कोई टिप्पणी नहीं