सुपौल। जदिया थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच 327ई पर जदिया पेट्रोल पंप के समीप गुरुवार की शाम दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, परसागढ़ी दक्षिण पंचायत के हनुमानगढ़ी वार्ड संख्या 14 निवासी पंचानंद ऋषिदेव के 28 वर्षीय पुत्र अरुण कुमार एवं सुरेश ऋषिदेव के 22 वर्षीय पुत्र विकास कुमार अपने गांव से किसी कार्य से फुलकाहा जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए डायल 112 पुलिस की मदद से दोनों घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. उमेश कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, सुपौल रेफर कर दिया। जदिया थानाध्यक्ष नंदकिशोर नंदन ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं