सुपौल। कोशी प्रमंडल के प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार की अध्यक्षता में आगामी 6 अप्रैल 2026 को सुपौल समाहरणालय में “जनता से संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम अपराह्न 12:30 बजे से शुरू होगा, जिसमें आम जनता की समस्याओं की सीधी सुनवाई की जाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आयुक्त कुमार अपने सुपौल भ्रमण के दौरान इस कार्यक्रम में लोगों की शिकायतें सुनेंगे और संबंधित अधिकारियों को उनके समयबद्ध समाधान के लिए आवश्यक निर्देश देंगे। साथ ही, आयुक्त कार्यालय में लंबित वे परिवाद, जो सुपौल जिले से जुड़े हैं और जिन पर अब तक अनुपालन या जांच प्रतिवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, उनकी भी सुनवाई की जाएगी।
कार्यक्रम से पूर्व प्रमंडलीय आयुक्त द्वारा समाहरणालय परिसर स्थित विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण भी किया जाएगा। इनमें स्थापना शाखा, सामान्य शाखा, शस्त्र शाखा, विधि शाखा, जिला भू-अर्जन शाखा, जिला पंचायत शाखा, आपूर्ति शाखा, डीपीओ (आईसीडीएस), अभिलेखागार तथा जिला ग्रामीण विकास अभिकरण सहित अन्य शाखाएं शामिल हैं।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त न्यायालय के आदेशों के अनुपालन की स्थिति, राज्य सूचना आयोग एवं लोकायुक्त के आदेशों के पालन, लंबित अनुशासनिक कार्रवाई, अवमानना वाद, सैरातों की बंदोबस्ती तथा उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन समेत कुल 16 बिंदुओं की समीक्षा करेंगे।
इसको लेकर संबंधित विभागों और अधिकारियों को आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कार्यक्रम के दौरान जन समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

कोई टिप्पणी नहीं