सुपौल। पिपरा प्रखंड क्षेत्र के पथरा उत्तर पंचायत स्थित वार्ड संख्या 5 के प्राथमिक विद्यालय लक्ष्मण टोला जोल्हनियां द्वारा बुधवार को पोषक क्षेत्र में नामांकन जागरूकता रैली निकाली गई। यह रैली नामांकन अभियान के साथ-साथ “निपुण बिहार अभियान” के उद्देश्यों के प्रचार-प्रसार को समर्पित रही।
प्रधानाध्यापिका साक्षी कुमारी के नेतृत्व में रैली विद्यालय परिसर से शुरू होकर विभिन्न टोला-मोहल्लों का भ्रमण करते हुए लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया। रैली में शिक्षिका लक्ष्मी कुमारी, संगीता भारती, पारस कुमार शर्मा, लाल गुप्ता सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
इस दौरान बच्चों ने “सब पढ़ें, सब बढ़ें”, “हर बच्चा, स्कूल में दाखिला”, “शिक्षा से ही होगा विकास” और “निपुण बनेगा हर एक बालक, तभी आगे बढ़ेगा बिहार” जैसे नारों के जरिए लोगों को प्रेरित किया।
मौके पर प्रधानाध्यापिका साक्षी कुमारी ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य घर-घर जाकर शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना और शिक्षा के प्रति जन-जागरूकता को बढ़ावा देना है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों का समय पर नामांकन कराने, नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और विद्यालय से जुड़ाव बढ़ाने की अपील की।
साथ ही अभिभावकों को मध्याह्न भोजन, निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, पोशाक सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग को मिलकर यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।

कोई टिप्पणी नहीं