सुपौल। सिमराही नगर पंचायत सिमराही अंतर्गत बूथ संख्या 300 पर सोमवार को भाजपा महिला मोर्चा द्वारा एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष गुंजा बेंगानी ने नारी शक्ति वंदन अभियान एवं नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि सितंबर 2023 में पारित इस कानून के तहत लोकसभा, राज्य विधानसभाओं और दिल्ली विधानसभा में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित होंगी। उन्होंने इसे देश के लिए एक ऐतिहासिक और परिवर्तनकारी कदम बताया।
उन्होंने कहा कि वैश्विक शोध बताते हैं कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से अर्थव्यवस्था तेज़ी से विकसित होती है। सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि आवास योजना में लगभग 72 प्रतिशत घर महिलाओं के नाम, मुद्रा योजना के 69 प्रतिशत ऋण और स्टैंड-अप इंडिया योजना के 84 प्रतिशत लाभार्थी महिलाएं हैं।
महिला सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 10 करोड़ से अधिक गैस कनेक्शन दिए गए हैं, जबकि जल जीवन मिशन के जरिए 14.45 करोड़ घरों तक नल का जल पहुंचाया गया है। वहीं स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से खुले में शौच से मुक्ति सुनिश्चित की गई है।
राजनीतिक भागीदारी पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि 2024 तक देश में करीब 48.62 प्रतिशत मतदाता महिलाएं हैं और कई चुनावों में महिलाओं का मतदान प्रतिशत पुरुषों से अधिक रहा है। इसके बावजूद संसद और विधानसभाओं में उनका प्रतिनिधित्व अभी भी सीमित है।
पंचायती राज संस्थाओं का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान में करीब 14.5 लाख महिलाएं निर्वाचित प्रतिनिधि हैं, जो कुल का लगभग 46 प्रतिशत है। इससे गांवों में पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा और स्वच्छता जैसे क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं।
उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को केवल नीति की लाभार्थी नहीं, बल्कि नीति निर्माण में भागीदार बनाएगा। साथ ही बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और जनधन योजना जैसी पहल से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त किया गया है।
प्रेस वार्ता के अंत में उन्होंने महिलाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिक से अधिक भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में महिलाओं की भूमिका निर्णायक होगी। इस मौके पर महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष विनीता देवी, जिला उपाध्यक्ष सीमा कुशवाहा, जिला मंत्री स्मृति कुमारी, मंडल अध्यक्ष मधुबाला कुमारी, रूबी कुमारी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

कोई टिप्पणी नहीं