सुपौल। छातापुर प्रखंड के रामपुर पंचायत स्थित नवनिर्मित उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, नन्ही टोला का गुरुवार को विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन स्थानीय विधायक सह बिहार सरकार के पूर्व मंत्री नीरज कुमार सिंह बबलु ने फीता काटकर किया। इसके बाद विद्यालय के कार्यालय कक्ष का भी शुभारंभ किया गया।
उद्घाटन समारोह के दौरान प्रभारी प्रधानाध्यापक रोशन कुमार झा सहित शिक्षकों ने विधायक एवं अन्य अतिथियों का माला, पाग और शॉल देकर स्वागत किया।
इस अवसर पर विधायक ने अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील करते हुए कहा कि जो छात्र पढ़ाई कर आगे बढ़ना चाहते हैं, उन्हें हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा प्रत्येक पंचायत में उच्च प्लस टू विद्यालय का निर्माण कराया जा रहा है, ताकि ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
विधायक ने बताया कि छातापुर में डिग्री कॉलेज की पढ़ाई भी इसी वर्ष से शुरू हो जाएगी, जिससे छात्रों को अब उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। साथ ही उन्होंने शिवनी घाट पर पुल निर्माण का टेंडर पास होने की जानकारी देते हुए कहा कि राशि आवंटित होते ही मानसून से पहले निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा और अगले वर्षा से पूर्व पुल बनकर तैयार हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि छातापुर प्रखंड और विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए हर स्तर पर कार्य किया जा रहा है और किए गए सभी वादों को पूरा किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय निर्माण के लिए भूमि दान करने वाले भूदाताओं—नंद जायसवाल, ओमप्रकाश जायसवाल सहित अन्य को माला पहनाकर सम्मानित किया गया। विधायक ने उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि एक एकड़ भूमि दान कर उन्होंने समाज के बच्चों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इस मौके पर शालिग्राम पांडेय, मुखिया प्रतिनिधि मो. हासिम, सरपंच प्रतिनिधि, गुलाबचंद साह, शंकर सहनी, काली पांडेय, पवन कुमार हजारी, गौरीशंकर भगत, राकेश भगत, जगन्नाथ सिंह, गोपाल आचार्य, प्रकाश चौधरी, महेंद्र मंगरदैता, भूपेंद्र सिंह, रमेश प्रसाद सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद थे।
वहीं विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं में रोशन कुमार झा, सुधांशु शेखर, बिनोद चौधरी, संजीव कुमार, अमान शेख, राधाकृष्ण सिंह, धीरज कुमार, ममता कुमारी, देवानंद सिंह, शंभू शरण और योगेंद्र पासवान मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं