सुपौल। जिले के सरायगढ़-भपटियाही, राघोपुर प्रखंड समेत अन्य क्षेत्रों में शनिवार (25 अप्रैल) की संध्या अचानक मौसम ने करवट ली। तेज आंधी, भारी बारिश और ओलावृष्टि ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। कुछ ही देर में आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई।
तेज आंधी के कारण कई जगहों पर पेड़ और टहनियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं, जिससे आवागमन बाधित हो गया। ग्रामीण क्षेत्रों में कच्चे मकानों और झोपड़ियों को भी नुकसान पहुंचा है। वहीं ओलावृष्टि के चलते खेतों में खड़ी फसलों को भी भारी क्षति होने की आशंका जताई जा रही है।
बारिश और तेज हवाओं के कारण बिजली आपूर्ति भी कई इलाकों में बाधित रही, जिससे लोगों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी। तेज हवा के साथ धूल उड़ने से बाजारों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए।
अचानक बदले मौसम के कारण राहगीरों और दुकानदारों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई लोग भीगते हुए अपने घरों तक पहुंचे, जबकि बाजारों में भीड़ अचानक कम हो गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आंधी और ओलावृष्टि ने काफी नुकसान पहुंचाया है, खासकर किसानों को फसल बर्बादी की चिंता सता रही है। हालांकि, प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, इस प्रकार का मौसम बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय दबाव के कारण हो सकता है। आने वाले दिनों में भी मौसम में उतार-चढ़ाव की संभावना जताई गई है।
प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।


कोई टिप्पणी नहीं