सुपौल। जिले में न्यायिक व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए स्थायी लोक अदालत, सुपौल के अध्यक्ष पद पर पूर्व अपर एवं जिला सत्र न्यायाधीश संजय कुमार झा ने विधिवत योगदान दे दिया है। उनके पदभार ग्रहण करने से आम लोगों को त्वरित और सुलभ न्याय मिलने की उम्मीद और मजबूत हुई है।
पदभार ग्रहण के बाद अध्यक्ष संजय कुमार झा ने बताया कि स्थायी लोक अदालत में वायु, सड़क एवं जल परिवहन, डाक, टेलीफोन, ऊर्जा, शिक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य, रक्षा प्रणाली, अस्पताल, बैंकिंग, डिस्पेंसरी, बीमा सेवाएं तथा भू-संपदा से जुड़े मामलों की सुनवाई की जाएगी। इसके अलावा केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा अधिसूचित अन्य सेवाएं भी इसके अंतर्गत आएंगी।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि लोक अदालत में सामान्यतः सुलहनीय मामलों का निष्पादन किया जाता है, लेकिन स्थायी लोक अदालत को धारा 22 बी (1) के तहत सुलहकारी के साथ-साथ निर्णयात्मक अधिकार भी प्राप्त हैं, जिससे यह संस्था और अधिक प्रभावी बनती है।
इस मौके पर विभिन्न कानूनी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अध्यक्ष ने आम नागरिकों से अपील की कि वे अपनी शिकायतों का निःशुल्क आवेदन स्थायी लोक अदालत में प्रस्तुत करें और इस सरल एवं सुलभ न्याय व्यवस्था का लाभ उठाएं।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव मो० अफजल आलम, सदस्य डॉ० अरविंद कुमार झा एवं सदस्य लक्ष्मण कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं