सुपौल। निर्मली अनुमंडल क्षेत्र के कुनौली स्थित कन्या मध्य विद्यालय में मंगलवार को एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कुनौली थाना अध्यक्ष सत्यप्रकाश कुमार ने विद्यालय में संचालित कक्षाओं के बीच पहुंचकर बच्चों को साइबर क्राइम, साइबर फ्रॉड और नशा मुक्ति से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
थाना अध्यक्ष ने अपने संबोधन में बताया कि नशा मुक्ति और साइबर अपराध के बीच गहरा और चिंताजनक संबंध है। नशे की लत व्यक्ति को आर्थिक तंगी की ओर ले जाती है, जिससे वह अपराध की राह पकड़ सकता है। वर्तमान समय में यह अपराध डिजिटल माध्यमों के जरिए तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि नशे की पूर्ति के लिए कुछ लोग ऑनलाइन फ्रॉड यानी साइबर ठगी का सहारा लेते हैं और धीरे-धीरे अपराध की दुनिया में प्रवेश कर जाते हैं, जो एक बेहद खतरनाक मार्ग है।
उन्होंने यह भी बताया कि नशा केवल शारीरिक ही नहीं, बल्कि डिजिटल भी हो सकता है। ऐसी लत व्यक्ति को साइबर अपराधियों का आसान शिकार बना देती है। इसलिए सभी को इसके प्रति सतर्क, जागरूक और सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे खुद जागरूक बनें और दूसरों को भी जागरूक करें, ताकि एक स्वस्थ और सुरक्षित समाज का निर्माण हो सके। साथ ही, किसी भी प्रकार की साइबर या नशा संबंधित घटना होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने को कहा।
कार्यक्रम के अंत में थाना अध्यक्ष ने बच्चों से गणित एवं नशा से संबंधित कुछ प्रश्न पूछे। सही उत्तर देने वाले छात्रों को कॉपी देकर प्रोत्साहित किया गया। इस मौके पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक नौशाद अहमद, सहायक शिक्षक राजेश कुमार, संजय कुमार सहित कई छात्र-छात्राएं एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं