सुपौल। पिपरा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत पथरा उत्तर एवं रतौली पंचायत में आगामी 19 मई मंगलवार को आयोजित होने वाले ‘सहयोग शिविर’ की तैयारियों को लेकर सोमवार को पथरा उत्तर पंचायत सरकार भवन में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुखिया मसरुद्दीन ने की।
बैठक में सरपंच शिवशंकर मंडल, सभी वार्ड पंच, वार्ड सदस्य, कार्यपालक सहायक रोशन कुमार, किसान सलाहकार उमेश कुमार, पंचायत सचिव बद्री प्रसाद विमल एवं न्याय सचिव महेश पासवान सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कर्मी उपस्थित रहे।
पंचायत सचिव बद्री प्रसाद विमल ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार अब प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को सभी पंचायतों में ‘सहयोग शिविर’ आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य पंचायत स्तर पर ही आम लोगों की समस्याओं का त्वरित एवं स्थानीय समाधान करना है, ताकि ग्रामीणों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए प्रखंड या जिला मुख्यालय का चक्कर न लगाना पड़े।
उन्होंने जानकारी दी कि 19 मई को रतौली पंचायत में भूमि सुधार उप समाहर्ता शिविर में मौजूद रहकर जमीन-जायदाद, दाखिल-खारिज, मापी सहित अन्य भूमि संबंधी मामलों की सुनवाई करेंगे और मौके पर समाधान का प्रयास किया जाएगा। वहीं पथरा उत्तर पंचायत में वरीय उप समाहर्ता सुश्री अंजु कुमारी आम लोगों की शिकायतें सुनेंगी। शिविर में राशन कार्ड, पेंशन, आवास योजना, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं का निपटारा किया जाएगा।
बैठक में सभी विभागीय कर्मियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने न्यायालय में लंबित एवं निष्पादित मामलों की सूची शिविर स्थल पर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें, ताकि फरियादियों को अपने मामलों की स्थिति जानने में सुविधा हो और कार्य में पारदर्शिता बनी रहे।
साथ ही प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देशित किया गया कि शिविर में आने वाले लोगों के लिए बैठने, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
पंचायत सचिव बद्री प्रसाद विमल ने सभी जनप्रतिनिधियों से शिविर की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील करते हुए कहा कि अब पंचायत स्तर की समस्याओं का समाधान पंचायत में ही किया जाएगा, जिससे आम लोगों को काफी राहत मिलेगी।

कोई टिप्पणी नहीं