सुपौल। मरौना थाना क्षेत्र में सोमवार को पूजन सामग्री विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। कोसी नदी में पूजा सामग्री बहाने गए चार युवकों में से एक युवक तेज धारा में बहकर लापता हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
लापता युवक की पहचान झिंगवा गीदराही गांव निवासी 22 वर्षीय श्रीराम महतो के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि गांव के कुछ युवक पूजा के बाद सामग्री विसर्जन के लिए कोसी नदी पहुंचे थे। इसी दौरान नदी की तेज धारा और गहरे पानी में चारों युवक फंस गए। अचानक स्थिति बिगड़ने पर वहां मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार तीन युवक किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन श्रीराम महतो गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते नदी की तेज धारा में बहकर लापता हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे जुट गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने के बाद मरौना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कर दी गई।
देर शाम तक खोजबीन जारी रही, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। प्रशासन द्वारा आसपास के क्षेत्रों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।
मरौना अंचलाधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंच गई है। स्थानीय गोताखोरों एवं ग्रामीणों की सहायता से नदी में लगातार खोज अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवक की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने एवं चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

कोई टिप्पणी नहीं