सुपौल। जनजातीय गरिमा उत्सव 2026 के अंतर्गत सुपौल जिले के अनुसूचित जनजाति बाहुल्य क्षेत्रों में “जनभागीदारी अभियान सबसे दूर, सबसे पहले” का आयोजन 19 मई 2026 से 25 मई 2026 तक सफलतापूर्वक किया गया। यह अभियान जिले के किशनपुर, त्रिवेणीगंज एवं बसंतपुर प्रखंडों में संचालित हुआ।
अभियान का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जनजाति समुदाय के लोगों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से शत-प्रतिशत आच्छादित करना था। इसके तहत विभिन्न विभागों द्वारा संयुक्त रूप से शिविर आयोजित कर लोगों को योजनाओं की जानकारी एवं लाभ उपलब्ध कराया गया।
अभियान के दौरान कुल 16 शिविरों का आयोजन किया गया, जिसमें 1438 अनुसूचित जनजाति के लोगों ने भाग लिया। शिविरों में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ हेतु कुल 183 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें जाति प्रमाण-पत्र के लिए 95 आवेदन, आधार कार्ड के लिए 18 आवेदन, आयुष्मान भारत योजना, जन्म प्रमाण-पत्र, पेंशन योजना तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित अन्य योजनाओं के आवेदन शामिल रहे।
प्रशासन की ओर से त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 168 आवेदनों का शिविर स्थल पर ही निष्पादन कर लाभार्थियों के बीच हकदारी वितरण किया गया। शेष आवेदनों के निष्पादन हेतु आवश्यक प्रक्रिया जारी है।
जिला प्रशासन ने बताया कि इस प्रकार के अभियान का उद्देश्य दूर-दराज के जनजातीय क्षेत्रों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा लोगों को मुख्यधारा से जोड़ना है। अभियान को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह देखा गया।

कोई टिप्पणी नहीं