सुपौल। जनगणना 2027 के तहत स्व-गणना चरण पूरा होने के बाद शनिवार से जिले में मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य की औपचारिक शुरुआत हो गई। इसके तहत प्रतिनियुक्त प्रगणक अपने-अपने हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) में पहुंचकर मकानों की गणना का कार्य आरंभ कर चुके हैं।
बीडीओ सह चार्ज पदाधिकारी डॉ. राकेश गुप्ता ने उधमपुर पंचायत स्थित एचएलबी संख्या 172 एवं 173 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रगणकों को उनके मोबाइल में मकान गणना एप को लॉगिन कर सक्रिय कराया तथा मौके पर मकान गणना कराकर संबंधित घरों की दीवार पर चार अंकों में संख्या अंकित करवाई।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने आम लोगों से मकान गणना कार्य में सहयोग करने की अपील की और इसके महत्व के बारे में जागरूक किया। उन्होंने विभिन्न पंचायतों और चौक-चौराहों पर जाकर भी लोगों को जनगणना के प्रति जागरूक किया।
डॉ. गुप्ता ने बताया कि 17 अप्रैल से 1 मई तक स्व-गणना का कार्य पूरा होने के बाद अब 2 मई से 31 मई तक मकान गणना का कार्य चलेगा। इस कार्य के लिए कुल 527 प्रगणकों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जबकि निगरानी के लिए 92 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक प्रगणक को औसतन 180 से 190 मकानों का सर्वे करना है, वहीं पर्यवेक्षक अपने अधीन कम से कम छह प्रगणकों के साथ समन्वय स्थापित कर लक्ष्य को समय पर पूरा करने में सहयोग करेंगे। सभी प्रगणकों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने मोबाइल में गणना एप को लॉगिन कर सक्रिय अवस्था में रखकर कार्य करें। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे प्रगणकों को सही जानकारी उपलब्ध कराकर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सहयोग करें।

कोई टिप्पणी नहीं