सुपौल। पिपरा थाना क्षेत्र के थुमहा पंचायत अंतर्गत बेलौखरा वार्ड संख्या 4 में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां बिजली के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आने से एक भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, बेलौखरा निवासी पशुपालक महेन्द्र पासवान सुबह अपनी भैंस को मवेशी घर से निकालकर नाद की ओर ले जा रहे थे। इसी दौरान दरवाजे के पास लगे बिजली के खंभे से भैंस का शरीर छू गया। खंभे में पहले से करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसकी चपेट में आते ही भैंस ने तड़पकर मौके पर दम तोड़ दिया।
भैंस को बचाने के प्रयास में महेन्द्र पासवान भी करंट की चपेट में आ गए, हालांकि वे किसी तरह बाल-बाल बच गए। उन्होंने बताया कि भैंस रोजाना 10 से 12 लीटर दूध देती थी, जिससे परिवार का भरण-पोषण और बच्चों की पढ़ाई चलती थी। भैंस की कीमत लगभग 80 हजार रुपये बताई जा रही है। इस घटना के बाद परिवार के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि क्षेत्र में कई बार खंभों की खराब स्थिति की शिकायत की गई, लेकिन समय पर मरम्मत नहीं कराई गई। ग्रामीणों ने दोषी कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित पशुपालक को उचित मुआवजा देने की मांग की है। वहीं पीड़ित ने पिपरा थाना में लिखित आवेदन देने की बात कही है।

कोई टिप्पणी नहीं