Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

31.80 करोड़ की लागत से ललितग्राम में बनेगा आधुनिक रेलवे वाशिंग पिट, सांसद दिलेश्वर कामैत और विधायक बबलू ने किया शिलान्यास


सुपौल। जिले के ललितग्राम में बुधवार को रेलवे के बहुप्रतीक्षित आधुनिक वाशिंग पिट निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया। करीब 31 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास सांसद दिलेश्वर कामैत एवं विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू की मौजूदगी में किया गया। कार्यक्रम में सहायक डीआरएम संजय सिंह सहित रेलवे के कई अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत में सहायक डीआरएम संजय सिंह ने सांसद दिलेश्वर कामैत और विधायक नीरज सिंह बबलू को शॉल एवं पाग भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद रेलवे अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में रेलवे विकास की संभावनाओं और इस परियोजना के महत्व पर विस्तार से अपनी बातें रखीं।

सभा को संबोधित करते हुए सांसद दिलेश्वर कामैत ने कहा कि ललितग्राम में रेलवे की करीब 70 एकड़ भूमि वर्षों से खाली पड़ी थी। क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से मांग थी कि यहां कोई बड़ा रेल प्रोजेक्ट शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि एक वर्ष पूर्व स्थानीय लोगों ने उनसे इस दिशा में पहल करने की मांग की थी, जिसके बाद उन्होंने इस मुद्दे को संसद और रेल मंत्रालय तक पहुंचाया।

सांसद ने कहा कि जब भी उन्होंने क्षेत्र में नई ट्रेन सेवा शुरू करने या ट्रेनों के विस्तार की मांग की, तब रेलवे मंत्रालय की ओर से वाशिंग पिट की कमी को प्रमुख बाधा बताया जाता था। इसके बावजूद सहारसा तक कई ट्रेनों का विस्तार कराया गया। बाद में उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर ललितग्राम में आधुनिक वाशिंग पिट निर्माण की मांग रखी, जिस पर मंत्रालय ने सहमति देते हुए परियोजना को मंजूरी प्रदान की।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह परियोजना सुपौल जिले और पूरे कोसी क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक साबित होगी। उन्होंने बताया कि यहां अत्याधुनिक तकनीक से लैस वाशिंग पिट का निर्माण होगा, जहां ट्रेनों की धुलाई के साथ-साथ रखरखाव की भी समुचित सुविधा उपलब्ध रहेगी। परियोजना के तहत सीट लाइन, स्टेबल लाइन समेत अन्य आधुनिक रेल सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।

सांसद ने कहा कि वाशिंग पिट बनने के बाद देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाली ट्रेनें यहां पहुंचेंगी और धुलाई एवं तकनीकी जांच के बाद आगे के लिए रवाना होंगी। इससे नई ट्रेनों के परिचालन का मार्ग प्रशस्त होगा तथा क्षेत्र के लोगों को बेहतर रेल सुविधा मिल सकेगी।

उन्होंने कोसी और मिथिला क्षेत्र के पुराने रेल इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि 1934 के विनाशकारी भूकंप के बाद इस इलाके की रेल व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई थी। इसके बाद वर्षों तक कोसी क्षेत्र रेल संपर्क से वंचित रहा। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के कई दशक बाद भी कोसी और मिथिला के बीच रेल संपर्क बहाल नहीं हो पाया था। बाद में पूर्व रेल मंत्री ललित नारायण मिश्र और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के प्रयासों से इस दिशा में कार्य आगे बढ़ा।

सांसद ने कहा कि 2008 की कोसी त्रासदी से रेलवे ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा था, लेकिन अब केंद्र सरकार इस क्षेत्र में रेलवे विकास को नई गति दे रही है। आने वाले समय में यह परियोजना पूरे इलाके की आर्थिक गतिविधियों को मजबूती प्रदान करेगी।

वहीं विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू ने कहा कि ललितग्राम में वाशिंग पिट निर्माण क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि पूर्व रेल मंत्री ललित नारायण मिश्र की दूरदर्शिता के कारण वर्षों पहले यहां 70 एकड़ भूमि रेलवे के लिए अधिग्रहित की गई थी, जिसका लाभ अब क्षेत्र की जनता को मिलने जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र के विकास के साथ-साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।



कोई टिप्पणी नहीं