सुपौल। बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर बुधवार को राघोपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने की। बैठक में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों ने भाग लेकर पर्व को लेकर विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ सत्येंद्र कुमार यादव ने कहा कि बकरीद त्याग, बलिदान और आपसी प्रेम का संदेश देने वाला पर्व है। उन्होंने कहा कि त्योहार की पवित्रता एवं क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना समाज के सभी लोगों की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी समुदाय के लोग मिल-जुलकर इस पर्व को मनाएं और गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल कायम करें।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। यदि कोई असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश करे तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
वहीं थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने कहा कि प्रशासन पर्व को लेकर पूरी तरह सतर्क एवं तैयार है। उन्होंने साफ-सफाई, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं पर चर्चा करते हुए कहा कि कुर्बानी के बाद निकलने वाले अपशिष्टों का खुले में निपटारा न कर उन्हें गड्ढे में दफनाया जाए, ताकि स्वच्छता एवं पर्यावरण प्रभावित न हो। उन्होंने सभी लोगों से सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।
थानाध्यक्ष ने कहा कि शांति समिति की बैठक का मुख्य उद्देश्य आपसी समन्वय स्थापित करना है। सोशल मीडिया पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी और किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक या भड़काऊ पोस्ट करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष डॉ कमल प्रसाद यादव ने कहा कि बकरीद अपनी सबसे प्रिय वस्तु को खुदा की राह में कुर्बान करने और जरूरतमंदों की सहायता करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि राघोपुर क्षेत्र की पहचान हमेशा से आपसी भाईचारे और सौहार्द की रही है तथा इस बार भी सभी समुदाय के लोग मिलकर इस परंपरा को आगे बढ़ाएंगे।
बैठक में महेंद्र गुप्ता, प्रो. बैद्यनाथ भगत, सचिन माधोगड़िया, मो. जमील अनवर उर्फ टुन्ना, नूर आलम, बिंदी प्रसाद गुप्ता, राधा गुप्ता, बिनोद यादव, बिपिन साह, पूर्व मुखिया मो. तस्लीम, मो. मन्नान सहित दर्जनों जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं