सुपौल। पिपरा थाना क्षेत्र के दीना पट्टी पंचायत अंतर्गत सखुआ वार्ड संख्या 8 में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। दिल्ली के गाजियाबाद से मायके आई एक महिला का करीब 7 लाख रुपये मूल्य का हीरा जड़ा मंगलसूत्र उसके सगे मामा ने ही चोरी कर लिया। पिपरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मामा को गिरफ्तार कर चोरी गया मंगलसूत्र बरामद कर लिया। मामले में चोरी का सामान खरीदने वाले ज्वेलरी दुकानदार को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
जानकारी देते हुए पिपरा थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा ने बताया कि दिल्ली के गाजियाबाद जिले के मोदी नगर थाना क्षेत्र निवासी शिखा कुमारी अपने मायके सखुआ वार्ड 8 आई हुई थीं। इसी दौरान घर में सुरक्षित रखा उनका कीमती हीरा जड़ा मंगलसूत्र अचानक गायब हो गया। महिला को अपने सगे मामा हीरालाल राय पर शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने पिपरा थाना में लिखित आवेदन देकर चोरी का आरोप लगाया।
पीड़िता के आवेदन के आधार पर पिपरा थाना कांड संख्या 175/26 दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने संदेह के आधार पर सखुआ वार्ड 8 निवासी हीरालाल राय को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में हीरालाल राय ने बताया कि चोरी के बाद उसने मंगलसूत्र को बेचने के लिए त्रिवेणीगंज बाजार स्थित वार्ड संख्या 5 में पोस्ट ऑफिस के पास मौजूद श्री ज्वेलर्स दुकान में बेच दिया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने ज्वेलरी दुकान में छापेमारी कर चोरी गया हीरा जड़ा मंगलसूत्र बरामद कर लिया।
इस मामले में पुलिस ने श्री ज्वेलर्स के संचालक सुमित स्वर्णकार को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी दुकानदार ने चोरी का सामान होने की जानकारी के बावजूद उसे खरीदा था, जो कानूनन अपराध है।
थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा ने बताया कि चोरी और चोरी का सामान खरीदने के आरोप में दोनों आरोपियों को रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। बरामद मंगलसूत्र को कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पीड़िता को सौंप दिया जाएगा।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़िता ने राहत की सांस ली है। वहीं स्थानीय लोगों ने भी मामले के शीघ्र उद्भेदन को लेकर पिपरा पुलिस की सराहना की है।

कोई टिप्पणी नहीं