सुपौल। युवा कांग्रेस के बिहार प्रदेश सचिव लक्ष्मण कुमार झा के नेतृत्व में सोमवार को सैकड़ों भूमिहीन परिवारों ने सुपौल अंचल कार्यालय के समक्ष शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने अंचलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बेघर हुए परिवारों को जमीन का पर्चा एवं राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से बताया गया कि सुपौल जिले के एकमा पंचायत अंतर्गत रेलवे लाइन किनारे बसे कई भूमिहीन परिवारों को हाल ही में रेल प्रशासन द्वारा बुलडोजर चलाकर हटाया गया, जिससे वे बेघर हो गए हैं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इसके बाद आए आंधी, तूफान और बारिश ने इन परिवारों की स्थिति और अधिक दयनीय बना दी है। वर्तमान में सभी परिवार खुले आसमान के नीचे अपने बाल-बच्चों के साथ जीवन-यापन करने को मजबूर हैं।
लक्ष्मण कुमार झा ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि सभी प्रभावित परिवारों को अविलंब सरकारी जमीन चिन्हित कर जमीन का पर्चा उपलब्ध कराया जाए। साथ ही आपदा विभाग की ओर से रहने के लिए प्लास्टिक शीट उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे अस्थायी रूप से सुरक्षित रह सकें।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही भूमिहीन परिवारों की मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो इनके समर्थन में उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सदर प्रखंड अंतर्गत मोहनिया गांव सहित अन्य स्थानों पर भी बड़ी संख्या में भूमिहीन परिवार निवास कर रहे हैं, जिनके पुनर्वास की दिशा में भी प्रशासन को पहल करनी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान लटूर्ण महतो, मिश्रीलाल महतो, सुरेंद्र कुमार, छोटू कुमार शेखावत, ताप्ती, अनिल पासवान, अरुण पासवान, पवन कुमार, मोहम्मद इस्लाम, गीता देवी, सुलेखा देवी, आशा देवी, मंजू देवी, सुखनी देवी, रूपेश पासवान, पप्पू चौधरी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद

कोई टिप्पणी नहीं