सुपौल। राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के सिमराही बाजार स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के ओम शांति केंद्र सभागार में मातृ दिवस के अवसर पर रविवार को भव्य आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजयोगिनी बीके बबीता दीदी ने की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में इनकम टैक्स विभाग के असिस्टेंट मैनेजर दीपक Kumar दास तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में उप मुख्य पार्षद विनीता देवी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ राजयोगिनी बीके बबीता दीदी, विनीता देवी, दीपक कुमार दास, ब्रह्माकुमार किशोर भाई, ब्रह्माकुमारी पूजा बहन, वीणा बहन, निशिका बहन, रागिनी देवी एवं दौलत देवी सहित अन्य गणमान्य लोगों द्वारा सामूहिक दीप प्रज्वलन कर किया गया।
अपने संबोधन में राजयोगिनी बीके बबीता दीदी ने कहा कि मां केवल जन्म देने वाली नहीं होती, बल्कि वह संस्कार, त्याग, करुणा और निस्वार्थ प्रेम की सजीव प्रतिमा होती है। मां का हृदय सदैव क्षमा, ममता और सहनशीलता से परिपूर्ण रहता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में परिवार और समाज में आध्यात्मिक मूल्यों की स्थापना के लिए माताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। एक संस्कारी मां ही श्रेष्ठ परिवार, श्रेष्ठ समाज और श्रेष्ठ राष्ट्र का निर्माण कर सकती है।
बीके बबीता दीदी ने कहा कि जिस घर में मां को सम्मान मिलता है, वहां सुख, शांति और समृद्धि स्वतः आती है। बच्चों के जीवन में श्रेष्ठ संस्कारों का बीजारोपण मां ही करती है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह अपनी मां का सम्मान करे और उनके बताए श्रेष्ठ मार्ग पर चले।
कार्यक्रम का संचालन ब्रह्माकुमार किशोर भाई ने किया। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी बीना बहन, पूजा बहन, सुहानी बहन, शिव माता, ब्रह्मकुमार महेश भाई सहित बड़ी संख्या में सेवाधारी भाई-बहन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं