Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

सिमराहा गांव में अगलगी से दो घर जलकर राख, हजारों की संपत्ति स्वाहा




सुपौल। किशनपुर प्रखंड क्षेत्र के कोशी बांध के भीतर स्थित नौआबखर पंचायत के सिमराहा गांव वार्ड संख्या-1 में सोमवार दोपहर अचानक लगी आग में दो घर जलकर राख हो गए। इस अगलगी की घटना में हजारों रुपये मूल्य की संपत्ति नष्ट हो गई।

अग्निपीड़ित सियाराम मंडल ने बताया कि सोमवार करीब 12 बजे परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर पटवा खेत में काम करने चले गए थे। घर पर कोई मौजूद नहीं था। इसी दौरान अचानक घर में आग लग गई। ग्रामीणों के शोर मचाने पर जब वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि पूरा घर आग की चपेट में है।

उन्होंने बताया कि आग इतनी तेज थी कि घर से कोई भी सामान नहीं निकाला जा सका। अगलगी में अनाज, कपड़ा, बर्तन, फर्नीचर समेत करीब 50 हजार रुपये से अधिक की संपत्ति जलकर राख हो गई। घटना में एक अन्य घर भी आग की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना की सूचना मिलने पर पंचायत के मुखिया मनोज शाह, सरपंच पुत्र विजय कुमार पासवान, वार्ड सदस्य रामकुमार मंडल, रामकृपाल मंडल सहित अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। जनप्रतिनिधियों ने अंचल अधिकारी से अग्निपीड़ित परिवार को तत्काल सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।

इस संबंध में अंचल अधिकारी सुशीला कुमारी ने बताया कि अगलगी की सूचना प्राप्त हुई है, लेकिन अभी तक पीड़ित परिवार की ओर से आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन प्राप्त होने के बाद जांच कर नियमानुसार सरकारी सहायता प्रदान की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं