सुपौल। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में “द बिहार टीचर्स” के बैनर तले आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में बसंतपुर प्रखंड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय लालपुर भीमनगर की शिक्षिका अंशु कुमारी को सम्मानित किया गया। इस सम्मान से विद्यालय परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
समारोह के मुख्य अतिथि सुपौल के जिलाधिकारी सावन कुमार थे। उन्होंने शिक्षिका अंशु कुमारी समेत जिले के कई शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी संग्राम सिंह सहित कई अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
बुधवार को विद्यालय में प्रधानाध्यापक उमेश कुमार गुप्ता एवं अन्य शिक्षकों ने भी अंशु कुमारी को सम्मानित कर उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। इस दौरान शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने उन्हें बधाई दी।
प्रधानाध्यापक उमेश कुमार गुप्ता ने बताया कि डीवीटी के तहत नवाचार कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के विभिन्न विद्यालयों में कई रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की गई थीं। इन गतिविधियों में शिक्षिका अंशु कुमारी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसके लिए उन्हें डायट बसहा में सम्मानित किया गया।
उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार गौरवान्वित महसूस कर रहा है तथा इससे अन्य शिक्षकों और विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी।

कोई टिप्पणी नहीं