Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार, पूर्व में भी जेल जा चुका है तस्कर


सुपौल। बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद शराब तस्करों की गतिविधियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। हालांकि, सुपौल में उत्पाद एवं मद्यनिषेध विभाग लगातार अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार की रात विभाग को बड़ी सफलता मिली, जब गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई।

मामला सदर थाना क्षेत्र के बलुवा पंचायत अंतर्गत पिपराहरी वार्ड संख्या-13 का है। यहां उत्पाद विभाग की टीम ने छापेमारी कर सुबिन कुमार यादव को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से कुल 1297 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा लगभग 353.640 लीटर बताई जा रही है।

उत्पाद अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि विभाग को आरोपी की गतिविधियों की लगातार गुप्त सूचना मिल रही थी। इसके बाद विशेष रणनीति बनाकर बैरिया मंच के समीप छापेमारी की गई, जहां से शराब की बड़ी खेप के साथ आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी शराब कारोबार के मामले में जेल जा चुका है। जेल से बाहर आने के बाद वह दोबारा अवैध शराब तस्करी के धंधे में सक्रिय हो गया था। विभाग काफी दिनों से उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद शराब की खेप किशनपुर क्षेत्र से लाई गई थी और इसे जिले के विभिन्न इलाकों में सप्लाई किए जाने की तैयारी थी। फिलहाल उत्पाद विभाग एवं पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है। शराब तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है तथा सप्लाई चेन को भी खंगाला जा रहा है।

छापेमारी के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है तथा आरोपी के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

उत्पाद विभाग ने स्पष्ट कहा है कि जिले में शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। वहीं पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह बड़ी खेप किन-किन क्षेत्रों में भेजी जानी थी और इस धंधे में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

कोई टिप्पणी नहीं