सुपौल। किशनपुर प्रखंड क्षेत्र के मेहासिमर पंचायत स्थित कन्या मध्य विद्यालय सिगियावन में अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोरों ने विद्यालय के कार्यालय का ताला तोड़कर साउंड सिस्टम सहित कई महत्वपूर्ण कागजात और रजिस्टर चोरी कर लिए।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक मनोज कुमार ने बताया कि शनिवार सुबह जब वे स्कूल पहुंचे तो कार्यालय कक्ष का ताला और दरवाजा टूटा हुआ पाया। अंदर जाकर देखने पर लकड़ी की अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था। चोरों ने विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए साउंड सिस्टम के अलावा बैठक पंजी, रोकड़ पंजी, चेक निर्गत पंजी, भंडार पंजी, छात्र उपस्थिति पंजी, मध्याह्न भोजन पंजी, सूचना पंजी समेत अन्य जरूरी दस्तावेज गायब कर दिए।
इतना ही नहीं, विद्यालय परिसर में लगे चापाकल का हैंड पाइप भी तोड़कर बगल में फेंक दिया गया, जिससे स्कूल की व्यवस्था प्रभावित हो गई है। घटना को लेकर प्रधानाध्यापक ने शिक्षा विभाग और स्थानीय थाना में आवेदन देकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष ज्ञानरंजन कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद ग्रामीणों में रोष है। लोगों का कहना है कि विद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

कोई टिप्पणी नहीं