सुपौल। त्रिवेणीगंज नगर परिषद क्षेत्र के बघला वार्ड संख्या-16 में रविवार को इलाज के रुपये को लेकर हुए विवाद में एक झोलाछाप चिकित्सक द्वारा पिता-पुत्री की लाठी-डंडे से पिटाई करने का मामला सामने आया है। इस घटना में दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज में भर्ती कराया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने उनका उपचार किया।
जख्मियों की पहचान 66 वर्षीय सत्यनारायण राम और उनकी 30 वर्षीय पुत्री रीना देवी के रूप में हुई है। दोनों बघला वार्ड संख्या-16 के निवासी हैं।
घटना के संबंध में जख्मी रीना देवी ने बताया कि एक ग्रामीण चिकित्सक कृष्णा उनकी बहन का पिछले कई दिनों से इलाज कर रहा था, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर उनके पिता ने किसी योग्य डॉक्टर से इलाज कराने की सलाह दी। इसी बीच किसी व्यक्ति ने चिकित्सक को यह कह दिया कि सत्यनारायण राम उनके खिलाफ अपशब्द कह रहे हैं।
रीना देवी के अनुसार, रविवार को जब उनके पिता बांस काटने गए थे, तभी चिकित्सक कृष्णा ने उन्हें घेरकर लाठी से मारपीट शुरू कर दी। पिता को बचाने पहुंची रीना देवी को भी कृष्णा और उसके भाई प्रकाश ने लाठी-डंडे से पीट दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
रीना देवी ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी बहन इलाज के लिए पहले ही अग्रिम राशि दे चुकी थी, इसके बावजूद चिकित्सक शेष पैसे को लेकर अक्सर गाली-गलौज करता था।
वहीं, इस संबंध में थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि अब तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं