सुपौल। छातापुर विधायक सह पूर्व मंत्री नीरज कुमार सिंह बबलू चरणै वार्ड संख्या-4 पहुंचे, जहां उन्होंने हाल ही में गर्दन रेतकर हत्या की शिकार हुई 16 वर्षीय वंदना कुमारी के परिजनों से मुलाकात की।
विधायक ने मृतका की मां मसोमात द्रौपदी देवी सहित अन्य परिजनों से बातचीत कर घटना पर गहरा दुख जताया। इस दौरान परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि मामले में केवल एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई है, जबकि हत्या में कई अन्य लोगों के शामिल होने की आशंका है। परिजनों का कहना था कि इतनी निर्मम घटना को अकेले अंजाम देना संभव नहीं लगता। उन्होंने हत्या में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी कर कड़ी सजा दिलाने की मांग की।
इस पर विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू ने भरोसा दिलाया कि वे मामले को लेकर पुलिस के आला अधिकारियों से बात करेंगे तथा स्पीडी ट्रायल के माध्यम से दोषियों को जल्द सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
इसके बाद विधायक भट्टावारी गांव पहुंचे, जहां 10 दिन पूर्व सड़क हादसे में जान गंवाने वाले युवक अरुण साह के पिता विद्यानंद साह एवं अन्य परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। वहीं भट्टावारी निवासी बालकुमार साह के घर जाकर उनके दामाद के असामयिक निधन पर भी दुख जताया।
तत्पश्चात विधायक मुख्यालय बाजार स्थित व्यवसायी प्रमोदचंद बोथरा के आवास पहुंचे और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। बताया गया कि प्रमोदचंद बोथरा पिछले दिनों दिल का दौरा पड़ने के बाद से अस्वस्थ चल रहे हैं।
इस दौरान विधायक के साथ शालीग्राम पांडेय, फेकनारायण मंडल, सुशील कर्ण, पवन हजारी, गौरीशंकर भगत, सूरज चंद्र प्रकाश, चंद्रदेव पासवान एवं सत्यप्रकाश सहित अन्य लोग मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं