सुपौल। भागलपुर जिले के सुल्तानगंज नगर परिषद के सभापति राजकुमार गुड्डू का शनिवार को पटना स्थित मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे 28 अप्रैल को नगर परिषद कार्यालय में हुई गोलीबारी की घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। करीब 12 दिनों तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से नगर निकाय प्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी अनुसार 28 अप्रैल को सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में टेंडर प्रक्रिया के दौरान बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी। इस घटना में सभापति राजकुमार गुड्डू के सिर और सीने में दो गोलियां लगी थीं, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसी गोलीबारी में कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई थी।
मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी रामधनी यादव, जो डिप्टी चेयरमैन के पति बताए गए, को गिरफ्तार किया था। बाद में पुलिस मुठभेड़ में उसकी भी मौत हो गई थी।
इधर, राजकुमार गुड्डू के निधन पर वीरपुर नगर पंचायत कार्यालय के सभागार में मुख्य पार्षद सुशील कुमार की अध्यक्षता में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा की शुरुआत स्वर्गीय राजकुमार गुड्डू के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ हुई। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस मौके पर पार्षद कमल सिंह, रंजीत सिंह, रिंकू गुप्ता, सागर साह, सुधीर देवी, विनोद ठाकुर, साधना देवी सहित नगर पंचायत कार्यालय के कई कर्मी मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं