सुपौल। निर्मली थाना क्षेत्र के बेला सिंगार मोती पंचायत अंतर्गत धोबीयाई वार्ड संख्या-5 में शनिवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें एक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
घायल मोहम्मद सज्जाद ने बताया कि वह जमीन विवाद से जुड़े मामले में शनिवार को निर्मली अंचल कार्यालय जा रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के शमशाद, मोहम्मद अबीब, इरफान समेत अन्य लोगों ने घर के समीप उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट की इस घटना में मोहम्मद सज्जाद, मोहम्मद आजाद, मैमून खातून, सोमइया तथा दिल मोहम्मद घायल हो गए। घटना के बाद परिजनों की सहायता से सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल निर्मली में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया।
अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अरविंद कुमार ने गंभीर रूप से घायल मोहम्मद सज्जाद की स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें रेफर कर दिया। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से भी एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है।
मामले को लेकर निर्मली थानाध्यक्ष सियावर मंडल ने बताया कि अब तक थाना में किसी भी पक्ष की ओर से आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं