Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

पिपरा : थाना से सटे अंचल परिसर में चोरी का प्रयास, गार्ड की सतर्कता से बचा कूलर



सुपौल। पिपरा थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। गुरुवार रात पथरा में लाखों रुपये की डकैती की घटना के ठीक अगले दिन शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों ने थाना से सटे अंचल परिसर स्थित अभिलेखागार के आरओ कार्यालय को निशाना बनाया। हालांकि गार्ड की सतर्कता के कारण चोर अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके और कूलर छोड़कर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात अज्ञात चोर अभिलेखागार भवन के पीछे से परिसर में प्रवेश कर गए। भवन की पिछली दीवार जमीन से करीब 15 फीट ऊंची है, जिस पर आरओ कार्यालय का एसी कूलर लगा हुआ था। चोरों ने दीवार तोड़कर कूलर को निकाल लिया, लेकिन नीचे उतारने के दौरान वह जमीन पर गिर गया। कूलर गिरने की तेज आवाज सुनकर अंचल परिसर में रह रहे गार्ड की नींद खुल गई।

गार्ड जब पीछे की ओर पहुंचा तो उसने कुछ लोगों को कूलर उठाने की कोशिश करते देखा। गार्ड को अपनी ओर आता देख चोर कूलर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए। बाद में गार्ड ने कूलर को सुरक्षित स्थान पर रख दिया। बताया जा रहा है कि सोमवार को कूलर को पुनः स्थापित किया जाएगा।

घटना की खास बात यह है कि अभिलेखागार भवन के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, इसके बावजूद चोरों ने चोरी की कोशिश की। घटना की सूचना तत्काल अंचल अधिकारी को दी गई। अंचल अधिकारी उमा कुमारी ने बताया कि चोरी के प्रयास की जानकारी मिली है। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

गौरतलब है कि गुरुवार रात ही पथरा दक्षिण पंचायत में बदमाशों ने एक घर में डाका डालकर 15 लाख रुपये से अधिक की नकदी एवं जेवरात लूट लिए थे। 24 घंटे के भीतर लगातार हुई आपराधिक घटनाओं ने क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जब थाना से सटे सरकारी कार्यालय और अभिलेखागार ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल उठना स्वाभाविक है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।

कोई टिप्पणी नहीं