सुपौल। राघोपुर थाना क्षेत्र के राघोपुर पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर-4 स्थित महादलित टोला में शनिवार देर रात पुलिस टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में एक एएसआई और एक महिला होमगार्ड घायल हो गए, जबकि सरकारी वाहन को भी नुकसान पहुंचा है। वहीं महिला पुलिसकर्मी की राइफल छीने जाने की भी चर्चा है, जिसे बाद में गांव के समीप एक खेत से बरामद किए जाने की बात कही जा रही है। हालांकि पुलिस प्रशासन ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब साढ़े 11 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि महादलित टोला में कुछ लोग शराब के नशे में हंगामा कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूछताछ शुरू की। इसी दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिस तथा स्थानीय लोगों के बीच विवाद बढ़ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में पुलिस वाहन के शीशे टूट गए। इस दौरान मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मी की राइफल भी छीन ली गई थी।
घटना में एएसआई अंजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में चोट आई है और इलाज के दौरान पांच टांके लगाए गए हैं। वहीं महिला होमगार्ड काजल कुमारी भी घायल हुई हैं। दोनों का इलाज कराया गया है।
घायल एएसआई अंजय कुमार ने बताया कि पुलिस टीम सूचना मिलने के बाद इलाके में पहुंची थी और कुछ लोगों से पूछताछ कर रही थी। इसी दौरान कुछ उपद्रवी अचानक आक्रामक हो गए और पुलिस टीम पर हमला शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस बल की संख्या कम होने के कारण स्थिति को तुरंत नियंत्रित करना मुश्किल हो गया।
राघोपुर रेफरल अस्पताल के चिकित्सक Dr Rahul Jha ने बताया कि शनिवार देर रात दोनों घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था। दोनों को चोटें आई थीं, जिनमें एक की हालत ज्यादा गंभीर थी। इलाज के बाद दोनों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
घटना को लेकर स्थानीय महिला रिंकू देवी ने बताया कि अधिकांश ग्रामीण रात में खाना खाकर सो चुके थे, जबकि कुछ युवक शराब के नशे में हंगामा कर रहे थे। पुलिस के पहुंचने के बाद माहौल बिगड़ गया और कुछ युवकों ने पुलिस पर हमला कर दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद गांव पहुंचे अतिरिक्त पुलिस बल ने कुछ लोगों के साथ मारपीट की। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

कोई टिप्पणी नहीं