सुपौल। निर्मली अनुमंडल कार्यालय स्थित सभागार भवन में बुधवार को नगर पंचायत निर्मली के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों की तीन सदस्यीय सशक्त समिति का गठन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर निर्मली एसडीएम धीरज कुमार सिन्हा ने सभी निर्वाचित सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
गठित सशक्त समिति में वार्ड संख्या 5 के वार्ड पार्षद रंजीत नायक, वार्ड संख्या 10 के वार्ड पार्षद निशांत जैन तथा वार्ड संख्या 4 के वार्ड पार्षद विनीत कुमार नाहर को शामिल किया गया है।
चुनाव परिणाम के अनुसार रंजीत नायक को 9 वोट प्राप्त हुए, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी मीरा आनंद को 3 वोट मिले। वहीं निशांत जैन को 6 वोट प्राप्त हुए, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी रामराजी देवी को 5 वोट मिले। इसके अलावा विनीत कुमार नाहर को 6 वोट प्राप्त हुए, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी माको देवी को 4 वोटों से संतोष करना पड़ा।
नवनिर्वाचित सदस्यों ने कहा कि नगर पंचायत के सभी 12 वार्डों का नियमित निरीक्षण किया जाएगा, ताकि क्षेत्र में मौजूद छोटी-बड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने नगर पंचायत के समुचित विकास और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही।
एसडीएम धीरज कुमार सिन्हा ने बताया कि नगर पंचायत निर्मली सशक्त समिति का चुनाव विधिपूर्वक एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया। चुनाव के बाद सभी निर्वाचित सदस्यों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया।

कोई टिप्पणी नहीं