सुपौल। राघोपुर थाना क्षेत्र के डुमरी पंचायत अंतर्गत सतकोदरिया वार्ड संख्या-05 में तीन वर्षीय बच्ची के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्ची को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया तथा आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार की शाम फेसबुक पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक व्यक्ति छोटी बच्ची के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा था। वीडियो की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कराई। जांच में पुष्टि हुई कि वायरल वीडियो राघोपुर प्रखंड के सतकोदरिया वार्ड संख्या-05 का है।
सूचना मिलने के बाद राघोपुर अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया के नेतृत्व में चाइल्ड हेल्पलाइन, महिला पुलिसकर्मियों एवं स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। टीम ने बच्ची को सुरक्षित रेस्क्यू कर उसकी मां के साथ राघोपुर थाना लाया।
जांच के दौरान मारपीट करने वाले व्यक्ति की पहचान नूर मोहम्मद के रूप में हुई, जो बच्ची का पिता बताया गया है। चाइल्ड हेल्पलाइन सुपौल की शिकायत पर आरोपी के विरुद्ध किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 की धारा-75 समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने इस मामले में राघोपुर थाना कांड संख्या 192/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार शाम चलाए गए विशेष अभियान के दौरान प्रशासनिक टीम ने आवश्यक कार्रवाई पूरी की। अभियान में चाइल्ड हेल्पलाइन के जिला समन्वयक अभिनन्दन कुमार, सुपरवाइजर बसंत कुमार, संबंधित प्रशासनिक अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। वहीं बच्ची और उसकी मां को सुरक्षा एवं देखभाल के लिए सुपौल स्थित अल्फा वास गृह भेजा जा रहा है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बच्ची की पिटाई करने की बात स्वीकार करते हुए कहा कि वह "शरारत कर रही थी"। हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बच्चों के साथ किसी भी प्रकार की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं