पिपरा। पिपरा थाना क्षेत्र के अमहा पंचायत स्थित भट्टा बारी वार्ड संख्या 12 में सोमवार की शाम बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में पांच परिवारों का घर सहित सारा सामान जलकर राख हो गया। इस हादसे में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार घटना सोमवार शाम करीब 6 बजे की है। स्थानीय लोगों ने बताया कि आग सबसे पहले छोटेलाल पासवान के घर में लगी। तेज हवा के कारण आग ने देखते ही देखते आसपास के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की भयावहता इतनी अधिक थी कि लोग घरों से सामान तक नहीं निकाल सके।
इस अगलगी में रविंद्र यादव, रुपेश पासवान, विवेक पासवान, नारायण पासवान एवं आनंदी देवी के घर पूरी तरह जल गए। घरों में रखा अनाज, कपड़ा, बक्सा-पेटी, फर्नीचर, जरूरी कागजात और नकदी समेत सभी सामान जलकर खाक हो गए। पीड़ित परिवारों ने बताया कि अब उनके पास खाने-पीने तक का सामान नहीं बचा है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने बाल्टी और पानी के सहारे आग बुझाने की काफी कोशिश की, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। पिपरा में अग्निशमन वाहन उपलब्ध नहीं होने के कारण सुपौल से फायर ब्रिगेड की गाड़ी बुलानी पड़ी। काफी देर बाद पहुंची दमकल टीम और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से आग पर नियंत्रण पाया जा सका, लेकिन तब तक पांचों परिवारों का सबकुछ जल चुका था।
घटना के बाद पीड़ित परिवारों ने पिपरा थाना और अंचल कार्यालय में आवेदन देकर तत्काल राहत एवं मुआवजे की मांग की है। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पिपरा जैसे बड़े प्रखंड में स्थायी रूप से अग्निशमन वाहन की तैनाती की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर समय रहते काबू पाया जा सके।
इस संबंध में अंचल अधिकारी उमा कुमारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही हल्का कर्मचारी को मौके पर भेजा गया। उनकी रिपोर्ट के आधार पर अग्निपीड़ित परिवारों को तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध करा दी गई है। साथ ही नियमानुसार आगे की सहायता भी दी जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं