सुपौल। जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में ईद-उल-जोहा (बकरीद) 2026 को लेकर जिला शांति समिति की बैठक समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में आयोजित की गई। बैठक में बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुपौल, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी तथा नगर परिषद एवं नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे। वहीं जिला शांति समिति के सभी सम्मानित सदस्य भी बैठक में उपस्थित थे।
शांति समिति के सदस्यों ने पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन से चौकस रहने का अनुरोध किया। जिलाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष ईद-उल-जोहा (बकरीद) 28 मई 2026 को मनाई जाएगी और विगत वर्षों की भांति इस बार भी पर्व शांति एवं भाईचारे के माहौल में संपन्न कराया जाएगा।
बैठक में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक सुपौल ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को पूरी सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। साथ ही लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की गई।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्ता सुपौल, अनुमंडल पदाधिकारी सुपौल, पुलिस उपाधीक्षक, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपनीय शाखा सहित अन्य वरीय पदाधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।


कोई टिप्पणी नहीं