Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

राघोपुर : शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मोहर्रम संपन्न कराने को लेकर हुई बैठक


सुपौल। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को राघोपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने की। इस अवसर पर एसडीपीओ वीरपुर सुरेंद्र कुमार, अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने कहा कि मोहर्रम के अवसर पर जुलूस निकालने या मेला आयोजित करने के लिए संबंधित समिति को पूर्व अनुमति के साथ थाना से लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। बिना लाइसेंस किसी भी प्रकार का जुलूस या मेला आयोजित करने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि मोहर्रम जुलूस में डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। लाइसेंस आवेदन के साथ जुलूस का निर्धारित मार्ग, अखाड़ा स्थल, आयोजकों के नाम तथा प्रतिभागियों की संख्या का स्पष्ट विवरण देना होगा। साथ ही प्रत्येक मेला समिति को आयोजन स्थल पर 10 से 15 स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था में प्रशासन को सहयोग मिल सके।

एसडीपीओ ने कहा कि जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना होने पर लाइसेंस में नामित जिम्मेदार व्यक्तियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने सभी समितियों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने कहा कि मोहर्रम पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रहेगी। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या भ्रामक सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था भंग करने या माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में पूर्व प्रमुख महेंद्र गुप्ता, प्रो. कमल यादव, रामचंद्र यादव, मो. तबरेज, नूर आलम, मो. बसीर, सागर यादव, मो. फैज, मित्तन यादव, गणेश दास, राधा देवी, अमित भगत, विनय भगत सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं