सुपौल। सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के साथ वीडियो बनाकर वायरल करने वाले एक युवक को त्रिवेणीगंज पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर एक देसी मस्कट भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी को शनिवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया, जबकि उसके तीन अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन करते हुए वीडियो वायरल कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद वायरल वीडियो में दिख रहे युवकों की पहचान कर विशेष टीम गठित की गई।
इसी क्रम में थाना क्षेत्र के मचहा-कुशहा पंचायत के वार्ड संख्या 14 स्थित मुकेश यादव के घर छापेमारी की गई। पुलिस को देखकर एक युवक भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस बल की मदद से पकड़ लिया गया। उसकी पहचान मुकेश यादव के 19 वर्षीय पुत्र शिवकुमार के रूप में हुई।
पूछताछ के दौरान शिवकुमार ने पुलिस को बताया कि वायरल वीडियो उसने अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर बनाया था। उसके अनुसार वीडियो में उसके पास एक नाली की देसी मस्कट थी, जबकि उसके साथियों के पास एक-एक देसी कट्टा था। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में शिवकुमार ने यह भी स्वीकार किया कि वे चारों मिलकर एक गैंग की तरह काम करते थे और इलाके में अपना प्रभाव व भय पैदा करने के उद्देश्य से हथियारों के साथ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करते थे।
शिवकुमार की निशानदेही पर पुलिस लगूनिया वार्ड संख्या 15 निवासी अभिमन्यु कुमार के घर पहुंची। हालांकि अभिमन्यु मौके पर नहीं मिला। घर की तलाशी के दौरान कमरे की छत पर बांस के ऊपर छिपाकर रखी गई एक नाली की देसी मस्कट दो हिस्सों में बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में आर्म्स एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फरार तीनों आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

कोई टिप्पणी नहीं